
बिहार के गया जिला अंतर्गत परैया प्रखंड के ऐतिहासिक क्रांतिकारी ग्राम आमोखर निवासी अभिमन्यु कुमार दांगी के जांबाज सुपुत्र अमर शहीद संतोष कुमार की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित उनके पैतृक गांव अमौखर में ही उनकी अपनी भूमि पर अमर शहीद संतोष कुमार की आदमकद प्रतिमा का अनावरण बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने किया। उन्होंने पुष्पांजलि एवं ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी देते हुए यहां एक अमिट इतिहास “शहीद संतोष कुमार-अमर रहे” के नारों के बीच गढ़ा।
इसके बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर आयोजित भव्य एवं विशाल जनसभा के बीच बने मंच पर, जहां मौजूद शहीद संतोष की पत्नी कनक कुमारी और शहीद के पिता अभिमन्यु कुमार को नमन कर फीता को काटकर समारोह का विधिवत् उद्घाटन किया। डिप्टी सीएम ने विशाल जन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। श्री संतोष कुमार का बलिदान पूरे बिहार और देश के लिए प्रेरणा स्रोत है।
डिप्टी सीएम ने शहीद के परिवार की मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें जल्द पूरा करने के लिए आश्वासन दिया। ग्रामीणों की ओर से क्षेत्र की समस्याओं और विकास को लेकर भी रखी गई मांगों को भी उन्होंने सकारात्मक रूप दिखाते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
इस ऐतिहासिक समारोह को गुरुआ के लोकप्रिय विधायक डॉक्टर उपेंद्र प्रसाद दांगी, टिकारी विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित एवं युवा क्रांतिकारी विधायक अजय कुमार दांगी, बिहार विधान परिषद सदस्या डॉक्टर कुमुद वर्मा, अति पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य अमित कुमार दांगी, इतिहासकार एवं पुरातत्वविद् डॉक्टर शत्रुघ्न दांगी आदि ने संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम श्री चौधरी ने कहा कि शहीद और उनके परिवार के सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। शहीद परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी मिलेगी। शहीद के परिवार को गांव में सरकार की ओर से जमीन दी जाती है। यहां पर भी साथ में डीएम साथ में हैं। यह समीक्षा करके इलाके में एक एकड़ जमीन जहां भी उपलब्ध हो शहीद की पत्नी कनक कुमारी को उनके जीवन यापन के लिए सरकार अपने तरफ से देने का काम करेगी।
ग्रामीणों द्वारा एडिशनल पीएचसी निर्माण की मांग को भी मैं स्वास्थ्य सचिव को खासकर कहूंगा जितना जल्द हो टेंडर की प्रक्रिया इसे पूरी करें और कोशिश करूंगा कि यह अप्रैल माह में बलिदान संतोष कुमार के नाम पर यहां एडिशनल पीएससी का निर्माण कार्य शुरू हो जाए।
अति पिछड़ा आयोग के सदस्य अमित दांगी ने गुरुआ विधानसभा के दरियापुर सड़क को चौड़ीकरण करने की फाइल जो वित्त विभाग में लंबित है, उसे आगे बढ़ाने की मांग रखी। इसके साथ ही परैया प्रखंड को टिकारी अनुमंडल से जोड़ने वाली प्रमुख सड़क को दोहरीकरण की मांग रखी। ये दोनों मांगें क्षेत्र के विकास के लिए जो अति महत्वपूर्ण है यह उन्होंने बताया। शहीद सूबेदार संतोष कुमार की प्रतिमा पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर प्रेम कुमार ने भी माला अर्पण और श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस समारोह में पूर्व सांसद हरि मांझी, जनप्रिय नेता वेंकटेश कुमार, मिथिलेश दांगी, भाजपा जिला अध्यक्ष चिंटू शर्मा, मुखिया सुनील कुमार, भाजपा नेता विनोद सिंह दांगी, प्रेम कुमार विद्यार्थी, मनोज कुमार सिंह, आकाश दयाल आदि बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस समारोह को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।




